
पटना :- बिहार जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भाजपा द्वारा इफ्तार पार्टी का बहिष्कार किए जाने पर कहा कि बिहार में जिस प्रकार से तमाम दलों के नेता एकजुट हो रहें हैं उससे भाजपा तिलमिलाई और घबराई हुई है रमजान के पाक महीने में प्यार और भाईचारे को मजबूती प्रदान करने वाले इफ्तार जैसे सामाजिक आयोजन पर भाजपा का तल्ख रूख उनकी घृणित मनोदशा को दर्शाता है।
कुशवाहा ने कहा कि इफ्तार पार्टी को भाजपा राजनैतिक चश्मे से देख रही है जो कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं द्वारा इफ्तार पार्टी का बहिष्कार करना उनके अल्पसंख्यक विरोधी मानसिकता का सूचक है। चुनावों में ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ का नारा लगाने वाली पार्टी की असलियत आज देश की जनता के सामने है।
कुशवाहा ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अब लोकसभा चुनाव नजदीक आता देख आरएसएस और भाजपा का स्लीपर सेल देशभर में अशांति फैलाने की कोशिश में लगा हुआ है। ऐसी शक्तियां भारत की एकता और अखंडता के लिए खतरा हैं। भाजपा-आरएसएस का नफरत भरा षड्यंत्र बिहार में कभी भी सफल नहीं होगा।