छपरा में ट्रैक्टर और हाईवा के बीच भीषण टक्कर, 3 की दर्दनाक मौत, 2 गंभीर रूप से जख्मी

छपरा :- छपरा में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। जिले के दाउदपुर बाजार के पास ट्रैक्टर और हाईवा के बीच टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोग जख्मी हैं जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बालू लदे ट्रैक्टर की टक्कर अनियंत्रित हाईवा से हो गई और एक ऑटो ट्रैक्टर की चपेट में आ गया जिसके कारण यह हादसा हुआ। हादसे के बाद दो लोग बालू में दब गए जिनकी मौत हो गई वहीं स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्ट के लिए भेज दिया। इधर घटना के बाद स्थानीय लोगों ने छपरा एकमा मार्ग पर यातायात बाधित कर दिया। हालांकि बाद में पुलिस प्रशासन के समझाने के बाद लोग शांत हुए, तब जाकर यातायात शुरू हुआ।
वही, मृतकों में ऑटो ड्राइवर में 35 वर्षीय मुन्ना महतो, बाइक से गुजर रहे लेजुआर निवासी सुशील कुमार राम और अनिकेत कुमार राम का नाम शामिल है। मृतक मुन्ना महतो के करीबी रिश्तेदार निरंजन कुमार ने बताया कि मुन्ना महतो ऑटो चलाने का काम करते हैं और आज घर से सुबह ही निकले थे। दोपहर दाऊदपुर के पास हाईवा ने ट्रैक्टर को टक्कर मारा और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ऑटो पर पलट गया। इस हादसे में मुन्ना महतो की मौत ट्रैक्टर के नीचे दबने से हो गई। घटनास्थल पर चार पांच अन्य लोग ट्रैक्टर की चपेट में आ गए थे, जिसमें दो की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि 2 अन्य लोग घायल हैं।