बेगूसराय में गंगा नदी में स्नान के दौरान डूबने से किसान की मौत, परिजनों में मचा कोहराम।

बेगूसराय :- बेगूसराय में गंगा नदी में नहाने के दौरान एक किसान की डूब कर मौत हो गई। दरअसल, राम ईश्वर निषाद घर से अपने पशुओं के लिए चारा लेने के लिए गंगा नदी किनारे गया था। पशु चारा लेने के बाद राम ईश्वर गंगा में नहाने लगा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया, जिससे वह डूब गया। वही काफी खोजबीन के बाद शव को गंगा नदी से स्थानीय गोताखोरों द्वारा पानी से निकाला गया। घटना चकिया थाना क्षेत्र के गुप्ता बांध स्थित गंगा नदी की है।
वही, परिजनों को डूबने की सूचना मिलने के बाद आनन-फानन में परिजनों ने घटनास्थल पर पहुंचकर गंगा नदी के पानी में काफी खोजबीन की। लेकिन ज्यादा पानी रहने के कारण उसका शव बरामद नहीं हो सका। फिर बाद में स्थानीय गोताखोर द्वारा काफी मशक्कत के बाद शव को तकरीबन 8 घंटे बाद गंगा नदी से बरामद किया गया। मृत व्यक्ति की पहचान चकिया थाना क्षेत्र के चानन बिन टोली के रहने वाले स्वर्गीय राम रुचि निषाद के 55 वर्षीय पुत्र राम ईश्वर निषाद के रूप में की गई है। इस घटना की सूचना परिजनों द्वारा चकिया थाना पुलिस को दी गई। मौके पर चकिया थाने की पुलिस पहुंचकर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।