बेगूसराय में अपराधियों ने युवक को गोली मारकर किया जख्मी, अस्पताल में चल रहा है इलाज; जांच में जुटी पुलिस

पटना :- बिहार में अपराधी बेख़ौफ़ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। गंभीर घटनाओं को अंजाम देकर अपराधी पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला बेगूसराय जिले से आ रही है। जहां जिले के गढ़हरा ओपी क्षेत्र में देर शाम बदमाशों ने घर पर चढ़कर एक युवक को गोली मार दिया। आनन-फानन में परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने उसे इलाज के लिए शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां चिकित्सकों के द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
घटना गुरुवार की देर शाम गढ़हरा ओपी क्षेत्र के बीहट नगर परिषद वार्ड नंबर 17 में घटी है। बदमाशों की गोली से जख्मी युवक की पहचान गढ़हरा निवासी स्वर्गीय जय जय राम मिश्र के पुत्र अमन कुमार (22) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, युवक गुरुवार की शाम अपने घर पर था। तभी बदमाशों ने उसे गोली मारकर जख्मी कर दिया और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और उसे इलाज के लिए शहर एलेक्सिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
वही, युवक को जिस प्रकार से सर में सटाकर गोली मारी गई है। इससे यह आशंका जताया जा रहा है कि युवक के जानने वाले किसी शख्स ने ही उसको गोली मारी है। फिलहाल परिजन घटना के कारणों के बारे में कुछ भी बताने से बच रहे हैं। गढ़हरा थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। डॉ धीरज शांडिल्य ने बताया कि युवक के सर में गोली मारी गई है। फिलहाल उसका सर्जरी किया गया है उसकी गोली पहले ही निकल गई थी। अभी उसका स्थिति स्थिर है।।