पटना में अटल पथ पर बड़ा सड़क हादसा, NEET की तैयारी कर रहे युवक-युवती की हुई मौत

PATNA : पटना में बीती रात तेज रफ्तार के कारण हुए एक बड़े सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जिनकी मौत हुई, उनमें एक लड़का विनीत (18) तो दूसरी उसकी दोस्त विदुषी (17) थी। दोनों बाइक से घूमने के लिए एक साथ निकले थे। बाइक की स्पीड काफी अधिक होने के वजह से बैलेंस बिगड़ा और डिवाइडर से टकराने के बाद एक्सीडेंट हो गया। गंगा पथ पर बाइक से दोनों गांधी मैदान की ओर से दीघा की तरफ आ रहे थे। तभी पल्सर बाइक दीघा-अटल पथ रोटरी के पास डिवाइडर से टकरा गई।
डिवाइडर से बाइक के टकराने के बाद युवक और युवती दूर जा गिरे थे। अचानक से हुए इस एक्सीडेंट की वजह से मौके पर हड़कंप मच गया। वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। वहां मौजूद लोग दोनों को इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाने की कोशिशों में लगे थे, उसी दरम्यान दोनों की मौत हो गई थी। मौके मौजूद लोगों ने ही इमरजेंसी नंबर 112 पर कॉल किया। वहां हुए भयानक एक्सीडेंट की जानकारी दी। तब 112 की टीम पहुंची। पाटलिपुत्रा गोलंबर के पास स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने दोनों के मौत की पुष्टि कर दी। इनके सिर पर गंभीर रूप से चोट लगी थी।
जानकारी मिलने के बाद गांधी मैदान ट्रैफिक थाना की टीम पहुंची। शुरुआती जांच में पता चला कि विनीत राेहतास का रहने वाला था। जबकि, विदुषी भोजपुर जिले के पीराे की रहनी वाली थी। दोनों ही बोरिंग रोड के अलग-अलग हॉस्टल में रहते थे। लेकिन, एक ही कोचिंग में पढ़ाई करते थे। दोनों एक साथ NEET की तैयारी करते थे। इस एक्सीडेंट की जानकारी ट्रैफिक थाना की पुलिस ने कॉल कर दाेनाें के परिवार को दी। जिस बाइक से एक्सीडेंट हुआ, वो विनीत के दोस्त की थी
वही, विदुषी को अपने अपने घर जाना था। क्योंकि, मंगलवार को ही उसके दादा के निधन पर होने वाले श्राद्धकर्म में शामिल होना था। सुबह होते ही वो घर के लिए निकलने वाली थी। मगर, उसके पहले ही वो एक्सीडेंट की शिकार हो गई। इनके मौत की जानकारी मिलने के बाद पीरो में विदुषी और रोहतास में विनीत के घर कोहराम मच गया। देर रात को दोनों के परिवार वाले पटना पहुंच गए। साथ पढ़ाई करने वाले दोनों के कई दोस्त भी पहले से हॉस्पिटल पहुंचे हुए थे।