
गंदगी से परेशान है दीघा वार्ड नंबर 1 की जनता,पार्षद के प्रति दिखा आक्रोश
पटना।
मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय के तहत हर घर नल का जल मिले,नली-गली पक्कीकरण हो, सभी जगह स्वच्छता का ख्याल रखा जाए पर सरकारी योजना जमीन पर आते-आते अधर में लटका दिया जाता है। पटना के दीघा वार्ड नंबर एक में जगह-जगह कचरे व गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, जिससे मार्ग पर आवाजाही करने वाले लोगों व स्थानीय लोगों को गंदगी से उठने वाली बदबू का सामना करना पड़ रहा है। वहीं किसी के घर में नल का जल मयस्सर नहीं हो पा रहा है। बैंक ऑफ बड़ौदा क्षेत्र,घुसुक टोला के स्थानीय लोगों की आवाज बने वार्ड एक भावी प्रत्याशी रामजी चौधरी ने नगर निगम से मांग करते हुए कहा कि गंदगी व जगह-जगह कचरे के ढेर को उठाकर हमारी समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारी कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं और सफाई व्यवस्था के प्रति पार्षद छठिया देवी,नगर निगम के पदाधिकारियों कोई भी गंभीरता नहीं दिखा रही हैं। हम लोग कई बार नगर निगम के अधिकारियों को भी समस्या के बारे में बता चुके हैं, लेकिन हमारी समस्या को गंभीरता से नहीं लेकर हमें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मार्ग से आवाजाही करने वाले लोगों के साथ स्थानीय लोगों को गंदगी से काफी परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन व नगर निगम से जल्द से जल्द जगह-जगह फैले कचरे व गंदगी के ढेरों को उठकर परेशानी से निजात दिलाने की मांग की। वहीं स्थानीय लोगों ने वर्तमान पार्षद छठिया देवी पर कहा कि चुनाव के दौरान राजनैतिक पार्टियों के नेता मुहल्ले के विकास को लेकर लंबे चौड़े वायदे करते है और चुनाव में जीतने के बाद वार्ड के जनता की ओर मुड़कर तक नहीं देखते है। यहीं कारण वार्ड में कोई भी विकास कार्य नहीं हो पाते है।