देखिए वीडियो जिस सवाल पर ललन सिंह की तरफ देखते हुए ईशारा कर नीतीश हंसते हुए बोले..होगा..होगा..चिंता मत कीजिए।
समाधान यात्रा के तहत मुख्यमंत्री पहुंचे थे मुंगेर।

एक पत्रकार के सवाल पर वे ललन सिंह की तरफ देखने लगे और उनके तरफ ईशारा कर मुस्कुराते हुए आगे बढ़ने के दौरान सीएम ने कहा होगा..होगा..चिंता मत कीजिए। यात्रा के दौरान नीतीश कुमार मुंगेर में किये गये कार्यों की जानकारी पत्रकारों को दे रहे थे तभी एक पत्रकार ने यह पूछ लिया कि मुंगेर के ऋषि कुंड और सीता कुंड में जैसा विकास होना चाहिए था वैसा नहीं हुआ है, जबकि यहां पर्यटन की संभावनाएं है। इन जगहों पर लोग आने से कतराते हैं। तभी यह वाकया हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति / जनजाति उद्यमी योजना के अंतर्गत वित्त प्रदत, चना एवं गेहूं से चोकर युक्त आटा एवं सत्तू निर्माण के एक उद्यम एस0के0 इंटरप्राइजेज का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र मंगरा का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और बच्चे-बच्चियों से बात की। वहां गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य जांच केंद्र तथा पोषण संबंधी जानकारी देने वाले केंद्र का भी उन्होंने निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने गोद भराई के बाद अन्नप्राशन की शुरुआत की। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लाभुकों को उन्होंने सांकेतिक चेक प्रदान किया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल जिसमें नीरा उत्पाद, बांस उत्पाद, सखुआ भोजपत्र सहित अन्य उत्पादों को दर्शाया गया था, उसका मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभुकों को मुख्यमंत्री ने चाबी प्रदान की तथा मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना तथा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुस्लिम तलाकशुदा / परित्यक्ता सहायता योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने सामुदायिक भवन सह वर्कशेड का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने मंगरापोखर स्थित सिद्धि तालाब का निरीक्षण कर उसमें मछली छोड़ा और जीविका दीदियों को तालाब हस्तांतरण का पत्र सौंपा।
पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग मुंगेर हमेशा आते रहे हैं। मुंगेर देश के पौराणिक स्थलों में से एक है। हमलोग इसके महत्व को समझते हैं। बिहार में वानिकी कॉलेज की स्थापना की बात हुई तो हमलोगों ने तय किया कि यह मुंगेर में ही बनेगा। यह कॉलेज काफी सुंदर बना है। हमने इसका जायजा लिया है। सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का जायजा लेने के लिए हमलोग दौरा कर रहे हैं। वानिकी कॉलेज की चर्चा बाहर भी होने लगी है। इसमें बहुत सारे स्टूडेंट्स पढ़ेंगे। यह इतना अच्छा बना है कि बहुत सारे लोग इसको देखने भी आयेंगे। मुंगेर के लिए वानिकी कॉलेज बहुत ही महत्वपूर्ण है। इंजीनियरिंग कॉलेज पहले ही बन गया है। मेडिकल कॉलेज भी बनने वाला है।
गंगा नदी में पाई जाने वाली डॉल्फिन को सुरक्षित रखने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए जो कुछ भी करना जरुरी होगा हमलोग करेंगे। इसको लेकर हमलोग शुरु से काम कर रहे हैं। इस बार वर्षापात नहीं होने से किसानों को दिक्कत हुई है। सुखाड़ की स्थिति में भी हमलोगों ने यहां आकर एक-एक चीज की जानकारी ली थी और लोगों की सुविधा को लेकर सरकार ने कदम उठाये थे।

मुंगेर में पर्यटन की संभावना के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए जो भी संभव होगा, किया जायेगा ।
इस दौरान सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री सह मुंगेर जिले की प्रभारी मंत्री अनिता देवी, जल संसाधन सह सूचना एवं जन-संपर्क मंत्री संजय कुमार झा, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, विज्ञान एवं प्रावैधिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह, विधायक अजय कुमार सिंह, विधायक राजीव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधगण, मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक आर०एस० भट्टी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी, कृषि विभाग के सचिव श्री एन० सरवन कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव बालामुरुगन डी०, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जीविका सह मिशन निदेशक जल- जीवन – हरियाली अभियान राहुल कुमार, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक संजय कुमार, मुंगेर के जिलाधिकारी नवीन कुमार, मुंगेर के पुलिस अधीक्षक जग्गूनाथ जलारेड्डी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कुणाल भगत



