
पटना :- जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा हमला बोलते हुए सवाल किया है कि भाजपा बताए कि जब प्रधानमंत्री जी ने 2015 में अपने विदेश दौरों के दौरान देश के विपक्षी दलों पर सवाल उठाया था तब क्या वह देश के खिलाफ नहीं था? उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गाँधी के ऊपर भाजपा के द्वारा लगाये जा रहे आरोपों और लोकसभा में हो रहे नारेबाजी पर कहा कि सदन में सत्ता पक्ष के लोग ही नारेबाजी कर रहे थे। उन्होंने सवाल पूछा कि 2015 में आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने 2015 में सियोल, शंघाई एवं संयुक्त राज्य अमेरिका में जाकर विपक्ष के खिलाफ जो भाषण दिया था, क्या वह देशप्रेम था? और आज राहुल गाँधी जी ने कुछ कह दिया तो वह देशद्रोह हो गया?
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देशद्रोह की परिभाषा आप तय नहीं कर सकते। 2015 में भाजपा ने जो बबूल का पेड़ बोया था, वह आज आम नहीं बनेगा। अगर आज राहुल गांधी जी को माफी मांगने की बात भाजपा कर रही है तो 2015 के लिए प्रधानमंत्री जी को भी माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने भाजपा पर जान-बूझकर सदन नहीं चलने देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष चाहती है कि देश की ज्वलंत समस्याएँ चर्चा में नहीं आयें। इसीलिए भाजपा के लोग सदन चलने नहीं देना चाहते। उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा की इस रणनीति को भलीभांति समझ चुकी है, 2024 के चुनाव में भाजपा को इसका करारा जवाब मिलेगा।