पटना में गैस एजेंसी से दिनदहाड़े 3 लाख की लूट, हथियार के बल पर दिया घटना को अंजाम

PATNA : पटना के पत्रकारनगर थाना क्षेत्र के हनुमाननगर अंतर्गत भाभा कॉलोनी के उषा श्री गैस सेवा एजेंसी के कार्यालय में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने हथियार के बल पर तीन लाख रुपए लूट लिये। मामले की जानकारी मिलते ही पत्रकार नगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को चिह्नित करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने की कवायद में जुट गई है।
दरअसल, पटना के पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर स्टेट उषा श्री गैस एजेंसी में दो हथियारबंद अपराधियों ने हथियार के बल पर गैस एजेंसी के कैश काउंटर में रखे ढाई से तीन लाख रु की लूट की घटना को अंजाम दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गैस एजेंसी के अंदर हथियार लेकर घुसे लुटेरे ने लूट की घटना को अंजाम देकर हथियार लहराते हुए गैस एजेंसी के बाहर खड़े इन दोनों अपराधियों का एक अन्य साथी की बाइक पर बैठकर भागने में सफल हुए। अपराधियों के गैस एजेंसी से बाहर निकलने के बाद गैस एजेंसी में मौजूद स्टाफ ने राहत की सांस ली।
घटना की सूचना मिलने के बाद कंकड़बाग और पत्रकारनगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर बदमाशों का सुराग लगाने में जुटी है



