सारण : सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में चोरी से विद्युत जलाने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने छापामारी की। इस दौरान पांच उपभोक्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई। दर्ज प्राथमिकी में कनीय विद्युत अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि विभाग की तरफ से अलग-अलग गांवों में छापेमारी अभियान चलाया गया।
सेरूकहा गांव निवासी छोटू कुमार यादव, पिता मुकेश राय को बिना किसी वैध कागजात के चोरी से कृषि कार्य के लिए 2 एचपी का मोटर चलाते पकड़ा गया। जिस पर 38,400 रुपए का जुर्माना लगाया गया। गंडामण निवासी मुकेश साह के द्वारा मीटर बाईपास कर विद्युत उर्जा का उपयोग किया जा रहा था। जिस पर 29270 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
वहीं सुरेश प्रसाद टाेका फंसाकर विद्युत का उपयोग किया जा रहा था। उस पर 1245 रुपए जुर्माना लगाया गया। खजुरी निवासी अजय तिवारी बिना कनेक्शन के दुकान में विद्युत जलाते पाया गया। जिन पर 1522 रुपया जुर्माना लगाया गया। वहीं वेद व्यास का कनेक्शन बकाया राशि जमा नहीं करने पर कनेक्शन काट दिया गया था। वही उनके द्वारा बिना भुगतान के विद्युत उर्जा जलाते पाया गया। जिन पर 2269 रुपए जुर्माना लगाया गया। सभी पर मशरक थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।