भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय को स्टेज शो के दौरान लगी गोली, पटना के मैक्स अस्पताल में भर्ती
सारण :- बड़ी खबर सारण जिले से आ रही है जहां जिले के जनता बाजार थाने के सेंदुआर गांव में स्टेज शो के दौरान हुई फायरिंग में भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय को गोली लग गई। वहीं गोली उनकी जांघ में जा लगी। सिंगर के पैर में गोली लगते ही कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद निशा को पटना के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां इनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। इस मामले में अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। छपरा के जनता बाजार थाना क्षेत्र के सेंदुवार गांव निवासी अनिल सिंह के घर यज्ञोपवीत संस्कार का कार्यक्रम था, जहां मंगलवार की रात भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय को बुलाया गया था।
जानकारी के अनुसार, सेदुआर गांव के रहने वाले वीरेंद्र सिंह के घर में उपनयन संस्कार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उसी कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुति का भी आयोजन किया गया था। भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय इसी कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए पहुंची हुई थी। देर रात रात तक कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच गांव के एक युवक ने हाथ में कट्टा लहराते हुए हर्ष फायरिंग कर दी। हर्ष फायरिंग दौरान गोली भोजपुरी गायिका के पैर में लग गई, जिससे वे बेहोश होकर गिर गईं। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें उनके सहयोगी वहां से पटना लेकर चले गए।
इस घटना के संबंध में थाना से जब जानकारी ली गई तो सेंदुआर गांव के चौकीदार विनोद कुमार ने जानकारी प्राप्त की और बताया कि गांव के वीरेंद्र सिंह के घर पर उपनयन संस्कार में हर्ष फायरिंग के दौरान निशा उपाध्याय के पैर में गोली लगी है। वही इस संबंध में पूछे जाने पर जनता बाजार के प्रभारी थानाध्यक्ष नसरुद्दीन खा ने बताया कि थाने को इस बाबत कोई सूचना नहीं दी गई है। अभी जानकारी मिलने पर इसकी तहकीकात की जा रही है।