पटना में चेन स्नैचिंग का विरोध करने पर अपराधियों ने 4 लोगों को मारी गोली, मच गया हड़कंप
पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। घटना बुधवार रात की है, जब चैन स्नैचिंग की कोशिश में अपराधियों ने महिला समेत 4 लोगों को गोली मार दी। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

PATNA : पटना में बेखौफ बदमाशों ने फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। ताजा मामला पटना के शास्त्रीनगर थाना इलाके में पटेल नगर स्थित ऊर्जा स्टेडियम गेट नंबर 2 के पास बाइक सवार अपराधियों ने बोरिंग रोड में हॉस्टल चलाने वाली मीरा कुमारी से चेन लूट लिया। मीरा के साथ एक बाइक और एक स्कूटी से जा रहे उनके स्टाफ ने जब विरोध किया तो उनके तीन स्टाफ सोनू, अभिषेक और आशीष के साथ ही स्टाफ की बेटी काजल को गोली मारकर घायल कर दिया। चेन लूटने और इन 4 लोगों को गोली मारने के बाद एक बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां से फरार हो गए।
घटना बुधवार रात करीब 12:30 बजे की है. मीरा कुमार के पति मनोज कंकड़बाग में हॉस्पिटल चलाते हैं. परिवार कृषि नगर, एजी कॉलोनी में रहता है. घायलों को शेखपुरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल चारों की हालत खतरे से बाहर है.
वही, घटना की सूचना मिलने के बाद शास्त्री नगर थाना की पुलिस के साथ एसपी सचिवालय भी मौके पर पहुंचे. पुलिस मामले की छानबीन करने के साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है. वहीं घायल महिला के पति अभिषेक कुमार ने बताया कि पटेल नगर से लेकर ऊर्जा स्टेडियम वाली रोड पर कहीं भी पुलिस नहीं थी. इस वजह से बाइक सवार अपराधी चेन लूटने और 4 लोगों को गोली मारने के बाद आराम से फरार हो गए.



