पटना में अपराधी बेखौफ, रिटायर्ड फौजी की ईंट पत्थर से कूचकर हत्या, इलाके में सनसनी

PATNA : बिहार में दिनोंदिन अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। आम जनता तो इनका शिकार हो ही रहे हैं, अब तो अपराधी पुलिस को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। ताजा मामला पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र की एनयू गांव की है। जहां लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने ईंट पत्थर से कूचकर आरपीएफ के एक सेवानिवृत्त दारोगा की निर्मम हत्या कर दी। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
वही, रिटायर फौजी कामेश्वर ओझा अपने घर में अकेले रहते थे। घर में ही उनका शव मिला है जिसमें शव की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि ईंट पत्थर से जोरदार हमला किया गया है। वहीं हत्या की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी मच गई है। घटना के संबंध में मृतक के संबंधी सह ग्रामीण सरवन कुमार दुबे ने बताया कि कामेश्वर ओझा काफी शरीफ इंसान थे, और उनकी किसी से भी कोई दुश्मनी नहीं थी. उन्होंने बताया कि कामेश्वर ओझा की पत्नी बीमार होने के कारण पटना में अपने बेटे के पास रहकर इलाज करवा रही थी, इसी दौरान कामेश्वर ओझा अपने घर पर अकेले ही रह रहे थे। सरवन कुमार दुबे ने लूटपाट के क्रम में ही कामेश्वर ओझा की हत्या किए जाने की बात कही है।
मौके पर मौजूद गौरीचक थानाध्यक्ष कृष्णा कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के घर से इनवर्टर और उनका मोबाइल गायब है, ऐसे मे थानाध्यक्ष ने लूटपाट का विरोध करने पर ही अपराधियों द्वारा रिटायर्ड दारोगा की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर सघन जांच करने में जुटी है।



