बेगूसराय में वज्रपात की चपेट में आने से दो लोगों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
BEGUSARAI : इस वक्त की बड़ी खबर बेगूसराय से आ रही है जहां जिले के चकिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत चकबल ग्राम में वज्रपात की चपेट में आने से 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि इस हादसे में एक व्यक्ति झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इस मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं दोनों परिवार में कोहराम मच गया।
वही, मृतकों की पहचान वार्ड संख्या 19 निवासी मुगल महतो के 50 वर्षीय बेटे उमा महतो और गढहरा वार्ड 17 निवासी कैलाश राम का बेटे अरुण राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों नगर परिषद के बीहट वार्ड संख्या 20 चकबल में शंभू साह के घर मकान के निर्माण कार्य में लगे थे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई और वज्रपात की चपेट में आने से दोनों की मौत हो जबकि वहां मौजूद शंभू साह बूरी तरह से झुलस गया है। वही गंभीर रूप से झुलसे शंभू साह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही चकिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्यवाई में जुटी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार कुमार महतो राज मिस्त्री का काम करता था। वही अरुण राम मजदूरी का काम करता था। घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।