
राजीव रंजन की रिपोर्ट
संग्रामपुर(मुंगेर),बिहार के भूमि एवं राजस्व विभाग द्वारा अक्टूबर माह की मासिक कार्य समीक्षा रिपोर्ट में संग्रामपुर अंचल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पूरे राज्य के सभी 534 अंचलों में कार्य प्रदर्शन के आधार पर संग्रामपुर अंचल को सातवां स्थान प्राप्त हुआ है,जो अब तक का उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। मुंगेर जिले में भी यह अंचल सबसे अग्रणी स्थान पर रहा है।
संग्रामपुर के अंचलाधिकारी निशीथ नंदन ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि विभाग द्वारा अंचलों की कार्यशैली में सुधार के उद्देश्य से हर माह कार्य उपलब्धि का मूल्यांकन किया जाता है। हालांकि कुछ महीनों के लिए यह प्रक्रिया स्थगित थी,लेकिन अगस्त 2024 से इसे पुनः प्रारंभ किया गया। अगस्त की रिपोर्ट में संग्रामपुर अंचल को राज्य स्तर पर 29वां स्थान और जिले में पहला स्थान मिला था,जबकि सितंबर में उसने अपनी रैंकिंग सुधारते हुए राज्य में 16वां स्थान प्राप्त किया था।अक्टूबर में संग्रामपुर अंचल ने अपने प्रदर्शन में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ दर्ज की। जैसे,एलपीसी, आरसीएमएस अतिक्रमण,और मौजा की सरकारी भूमि की प्रविष्टि में उसकी कार्यप्रणाली शत-प्रतिशत रही।अन्य कार्यों में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए उसने ऑनलाइन म्युटेशन में 99%, अभियान बसेरा में 55%, परिमार्जन प्लस में 47% और ई-मापी में 100% सफलता प्राप्त की। इसके अतिरिक्त,जिन जमाबंदियों का अंतिम लगान ऑनलाइन नहीं था,उनमें 85% अपलोड कर लिया गया तथा आधार सीडिंग में 47% की प्रगति हासिल की गई।

वहीं संग्रामपुर वासियों ने इस उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए इस सफलता का श्रेय अंचलाधिकारी निशीथ नंदन के नेतृत्व एवं अंचल के राजस्व कर्मियों को दिया। लोगों ने कहा कि संग्रामपुर अंचल की यह उपलब्धि विभाग द्वारा राज्य में अंचलों के कार्य प्रदर्शन को बेहतर बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों का एक सकारात्मक परिणाम है। संग्रामपुर अंचल की यह सफलता भूमि एवं राजस्व विभाग के समग्र उद्देश्यों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह उपलब्धि उन सभी अंचलों के लिए एक प्रेरणा है जो अपने कार्यप्रदर्शन में सुधार कर राज्य की प्रगति में योगदान देना चाहते हैं।



