Breaking Newsबेगूसराय

बेगूसराय में पत्रकारों पर फर्जी मुकदमा के खिलाफ निकाला गया प्रतिरोध मार्च ।

प्रशासन के खिलाफ जमकर की नारेबाजी।

राजीव रंजन

बेगूसराय/- जिले में पत्रकारों पर फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाने के विरोध में शनिवार को जिला पत्रकार संघ के बैनर तले एक जोरदार प्रतिरोध मार्च निकाला गया। यह मार्च आईएमए हॉल से शुरू होकर बीपी स्कूल चौक, काली स्थान चौक, नगर निगम चौक, कैंटीन चौक, कचहरी चौक, थाना चौक होते हुए हड़ताली चौक पहुंचा, जहां एक विरोध सभा में तब्दील हो गया।

इस प्रतिरोध मार्च का नेतृत्व जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष विनोद कर्ण, महासचिव सौरभ कुमार, संगठन मंत्री सुमित कुमार सिंह तथा वरिष्ठ पत्रकार व कवि अशांत भोला और वरिष्ठ पत्रकार अग्नि शेखर ने किया। वहीं, जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया बिहार प्रदेश के सदस्य प्रशांत कुमार भी इस मार्च में प्रमुख रूप से शामिल रहे।

मार्च के दौरान पत्रकारों ने जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि पत्रकारों की आवाज को दबाने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम सहित पांच पत्रकारों पर दर्ज फर्जी मुकदमा तुरंत वापस लिया जाए।

मार्च के उपरांत पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिला अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि अगर पत्रकारों पर दर्ज फर्जी मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो जिला पत्रकार संघ चरणबद्ध आंदोलन को बाध्य होगा।

पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ यदि खतरे में है तो समाज का सच उजागर करने वाला कौन रहेगा। ऐसे में प्रशासन को अपनी भूमिका पर पुनर्विचार करना चाहिए।

Related Articles