IAS KK Pathak के जांच और कार्रवाई के सवाल पर ADG ने कहा- मेरे पास इस मामले में कोई जानकारी नहीं है


PATNA :- मद्य निषेद्य, उत्पाद व निबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव और सीनियर IAS अधिकारी केके पाठक के खिलाफ पटना पुलिस किस प्रकार की जांच कर रही है? इनके खिलाफ मिली शिकायत पर पुलिस क्या कार्रवाई करेगी? शुक्रवार को ये सवाल बिहार पुलिस के ADG मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार से पूछे गए। इन सवालों पर इनका जवाब हैरान करने वाला था। ADG ने कहा- मेरे पास इस मामले की कोई जानकारी नहीं है। थाना द्वारा इस मामले में क्या प्रक्रिया अपनाई गई है? इस बारे में पता नहीं है। जब मेरे पास सूचना आएगी तो अवगत कराऊंगा।
गुरुवार को वायरल हुआ था वीडियो दरअसल, गुरुवार को एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें IAS अधिकारी केके पाठक अपने विभाग के अधिकारियों के साथ मीटिंग कर रहे हैं। उस दरम्यान उन्होंने बिहार के लोगों के ट्रैफिक सेंस पर टिप्पणी करने के साथ ही एक ADM के बारे में बोलते हुए गंदी गाली भी बोल गए। इस वीडियो के वायरल होने के बाद बवाल हो गया। बिहार में प्रशासनिक से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हड़कंप मच गया।
इस मामले में बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों ने पटना के सचिवालय थाना में IAS के के पाठक के खिलाफ लिखित शिकायत की थी। साथ ही वायरल वीडियो की जांच कर उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।
सवालों को जवाब देने से बचते दिखे ADG वायरल वीडियो में IAS अधिकारी केके पाठक पटना के ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करते दिखे। वो वीडियो में कह रहे हैं कि यहां के लोग ट्रैफिक सिग्नल पर रेड लाइट होने के बाद भी हॉर्न बजाते रहते हैं? इस मामले पर भी ADG मुख्यालय से सवाल पूछा गया। इस पर सही जवाब देने से वो बचते दिखे। बस उन्होंने इतना कहा कि अगर आप ट्रैफिक व्यवस्था पर बात कर रहे हैं तो वो एक अलग विषय है। हम डिटेल से उस पर बाद में चर्चा कर लेंगे।



