
राजीव रंजन
संग्रामपुर(मुंगेर)-बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजना “अभियान बसेरा-2” के अंतर्गत गुरुवार को मुंगेर जिला प्रशासन द्वारा संग्रामपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित अंबेडकर भवन में भूमिहीन परिवारों को गृहस्थल पर्चा वितरण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक पहल का उद्देश्य उन वंचित परिवारों को भूमि का अधिकार प्रदान करना है जो वर्षों से स्थायी आवास के अभाव में अस्थिर जीवन व्यतीत कर रहे थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मुंगेर अवनीश कुमार सिंह, अपर समाहर्ता मुंगेर मनोज कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी तारापुर राकेश रंजन कुमार व विधायक तारापुर राजीव सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात उपस्थित पदाधिकारियों को बुके देकर सम्मानित किया गया जहाँ अपर समाहर्ता मुंगेर मनोज कुमार को संग्रामपुर अंचल अधिकारी निशीथ नंदन द्वारा बुके देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुंगेर के जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम गरीब और भूमिहीन परिवारों के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सम्मान की भावना को मजबूत करेगा। उन्होंने इसे सामाजिक समरसता और प्रशासनिक उत्तरदायित्व का आदर्श उदाहरण बताया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक लाभार्थी को भूमि का आवंटन करते समय पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित किया गया है। साथ ही साथ उन्होंने मुख्यमंत्री गृहस्थल क्रय सहायता योजना 2024 के बारे में जानकारी देते हुए बताया की राज्य सरकार की इस योजना के तहत राजस्व और भूमि सुधार विभाग प्रत्येक भूमिहीन परिवार को तीन डेसीमल भूमि की खरीद के लिए एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि बाकी बचे लाभुकों का काम भी अभियान चलाकर जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा। उन्होंने डीसीएलआर,तारापुर को अपने कार्य क्षेत्र में तीसरे स्थान पर,अंचलाधिकारी संग्रामपुर,निशीथ नंदन को बिहार में संग्रामपुर अंचल को बिहार में 7वें स्थान पर लाने में बधाई दी। साथ ही उन्होंने तारापुर व असरगंज अंचलाधिकारी को कार्यक्रम सफल बनाने में उनके अहम योगदान के लिए धन्यवाद दिया।
वहीं इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी तारापुर राकेश रंजन कुमार ने जिलाधिकारी,अपर समाहर्ता, मनोज कुमार को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने में उनका योगदान प्रबल रहा और यह कार्यक्रम उनके मार्गदर्शन से ही हो रहा है।उन्होंने संग्रामपुर अंचलाधिकारी निशिथ नंदन को भी इस कार्य के लिए धन्यवाद दिया। भूमि सुधार उपसमाहर्ता, तारापुर,दिलीप कुमार ने इस कार्यक्रम को प्रशासनिक पारदर्शिता और न्यायपूर्ण वितरण प्रक्रिया का प्रतीक बताया।
तारापुर विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री राजीव कुमार सिंह ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल वंचित वर्गों के आर्थिक उत्थान में सहायक होगी, बल्कि उनके सामाजिक अधिकारों की रक्षा भी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के हित के लिए काम कर रही है, साथ ही उन्होंने कहा कि लाभुकों को जो भूमि दी गई है उसपर आगे चलकर अन्य योजनाओं के तहत उस जमीन आवास और शौचालय का भी निर्माण होगा। साथ ही उन्होंने लाभुकों को कहा गया अगर जमीन पर किसी प्रकार का कोई विवाद उत्पन्न होता है लाभुक उसकी शिकायत जिला अधिकारी, डीसीएलआर ,अंचलाधिकारी व अन्य अधिकारियों को कर सकते हैं।
वहीं इस अवसर पर संग्रामपुर अंचलाधिकारी निशिथ नंदन, तारापुर अंचलाधिकारी संतोष कुमार,असरगंज, अंचलाधिकारी उमेश शर्मा ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में अहम भूमिका निभाई। अभियान बसेरा-2 का उद्देश्य और महत्व बताते हुए पदाधिकारीयों ने कहा कि यह अभियान सामाजिक न्याय और समता को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इसका उद्देश्य भूमिहीन परिवारों को उनकी मेहनत और संघर्ष का सम्मान देते हुए भूमि का कानूनी अधिकार प्रदान करना है। यह पहल सरकार की “सर्वसमावेशी विकास” की नीति को साकार करने का एक सशक्त माध्यम है और यह कार्यक्रम न केवल प्रशासनिक संवेदनशीलता का उदाहरण है, बल्कि यह भूमिहीन परिवारों के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सशक्तिकरण का प्रतीक भी है। इस वितरण प्रक्रिया के साथ ही प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। “गृहस्थल पर्चा वितरण” ने लाभार्थियों के जीवन में एक नई आशा का संचार किया है और यह पहल राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।
वहीं इस कार्यक्रम के अंतर्गत अनुमंडल स्तर के कुल 74 भूमिहीन परिवारों को गृहस्थल पर्चा वितरित किए गए, जिनमें संग्रामपुर अंचल से 51 लाभुक, तारापुर अंचल से 10 लाभुक,और असरगंज अंचल से 13 लाभुक शामिल रहे।लाभार्थी रूबी देवी,शोभा देवी,सुमन देवी,गुड़िया देवी,ममता देवी,बिजली देवी तथा अन्य लाभुक मौजूद थे।इन सभी परिवारों को भूमि अधिकार सौंपने के साथ-साथ उनकी समस्याओं और उनके समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
गृहस्थल पर्चा वितरण” कार्यक्रम ने लाभार्थियों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है। भूमि का कानूनी अधिकार पाकर इन परिवारों के चेहरे पर खुशी और राहत साफ झलक रही थी। प्रशासन ने इस अवसर पर भविष्य में भी ऐसे प्रयासों को जारी रखने का संकल्प लिया। इस पहल ने न केवल गरीब परिवारों को स्थिर जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है, बल्कि यह राज्य के सर्वांगीण विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में भी एक ऐतिहासिक कदम साबित हो रहा है।
वही इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अनीश रंजन, बीपीआरओ अमरजीत कुमार सावरी, सीडीपीओ गुंजन मौली,अंचल कर्मी सहित प्रखंड जदयू अध्यक्ष कमल नयन सिंह,रामखेलावन शर्मा,अभिराम चौधरी,संजय शर्मा उपस्थित थे।



