खगड़िया में पांच घरों में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति का हुआ नुकसान

खगड़िया :- खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड स्थित कुल्हड़िया पंचायत के वार्ड नंबर 10 सलारपुर गांव में गुरूवार को आग लगने की घटना में एक ही परिवार का पांच घर जलकर राख हो गया। आग लगने की इस घटना में उमेश यादव, अरविंद यादव समेत पांच परिवारों का घर जल गया। इस दुर्घटना की चपेट में आए सभी घर ईंट खपरैल का बताया जा रहा है। जिला परिषद सदस्य जयप्रकाश यादव ने बताया कि आग लगने से लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घर में रखा सभी महत्वपूर्ण सामान जलकर खाक हो गया। उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
वही, पीड़ित लोगों में उमेश यादव, ब्रजेश यादव, संतोष यादव, सौरव एवं शुभम कुमार शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद दमकल कर्मियों को जानकारी दी गई। लेकिन दमकल के आने से पूर्व ही ग्रामीणों ने मुस्तैदी से आग पर काबू पा लिया। बताया गया कि इस आग से और अधिक नुकसान हो सकता था। इस घटना को लेकर अंचल अधिकारी चंदन कुमार ने स्थानीय राजस्व कर्मी को क्षति का आकलन किए जाने का निर्देश दिया है।