Breaking Newsमुंगेर

अपर समाहर्ता ने किया संग्रामपुर अंचल का निरीक्षण, विभागीय कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

राजीव रंजन
संग्रामपुर (मुंगेर): मुंगेर के अपर समाहर्ता मनोज कुमार ने सोमवार को संग्रामपुर अंचल कार्यालय का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न कार्यों और प्रक्रियाओं का विस्तृत अवलोकन किया। निरीक्षण के अंतर्गत अंचल कार्यालय में रखी गई विभिन्न निरीक्षण पंजी, दाखिल-खारिज,परिमार्जन, पर्चा तैयार करने जैसे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के बाद उप समाहर्ता ने बताया कि संग्रामपुर अंचल में विभागीय निर्देशों का पालन करते हुए कार्य संतोषजनक ढंग से हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी अंचलों को नीलाम पत्र पर विशेष ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया गया है।इस संदर्भ में अंचलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं ताकि कार्यों में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित की जा सके।
ऋण वसूली में मिली विशेष शक्तियां:-
अपर समाहर्ता मनोज कुमार ने यह भी बताया कि सरकार द्वारा सभी अंचल अधिकारियों को 50,000 रुपये तक के ऋण की वसूली के लिए विशेष शक्तियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कई बैंकों से ऋण लेने वाले कुछ डिफॉल्टरों ने अपनी देनदारी अब तक जमा नहीं की है,जिससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व की हानि हुई है। ऐसे मामलों में विभाग ने सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि डिफॉल्टर ऋणधारकों को अंचल कार्यालय द्वारा नोटिस जारी किए जाएंगे। अगर निर्धारित समय सीमा के अंदर ऋण की राशि जमा नहीं की गई, तो कुर्की, ज़ब्ती और गिरफ्तारी जैसे कदम उठाए जाएंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

अंचल की प्राथमिकता: पारदर्शिता और जवाबदेही:-
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ने अंचलाधिकारी और संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के साथ कार्य में पारदर्शिता बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि नीलाम पत्र और भूमि संबंधी दस्तावेजों के कार्यों को शीघ्रता से पूरा करना विभाग की प्राथमिकता है। इस निरीक्षण के अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अनीश रंजन, अंचलाधिकारी निशीथ नंदन और अंचल कार्यालय के सभी कर्मी उपस्थित थे।उप समाहर्ता ने सभी अधिकारियों और कर्मियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह और निष्ठा के साथ कार्य करने की सलाह दी।

विभागीय प्रयासों से आम जनता को लाभ:-
अपर समाहर्ता ने यह भी कहा कि सरकार और विभागीय प्रयासों का उद्देश्य आम जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करना है। ऐसे निरीक्षण यह सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे हैं कि विभागीय कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *