रामनवमी को लेकर आयुक्त व पटना डीएम ने महावीर मंदिर सहित कई स्थानों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए कई निर्देश
पटना :- आयुक्त पटना प्रमंडल कुमार रवि द्वारा आज जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना राजीव मिश्रा, नगर आयुक्त, पटना नगर निगम अनिमेष कुमार पराशर एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ रामनवमी पर्व के मद्देनजर पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर समीप विभिन्न स्थलों एवं वीर कुंवर सिंह पार्क का निरीक्षण किया गया। जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. चंद्रशेखर सिंह,वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना राजीव मिश्रा एवं नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर द्वारा आयुक्त रवि के संज्ञान में तैयारियों को लाया गया। अधिकारियों ने कहा कि रामनवमी पर्व, 2023 के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। श्रद्धालुओं की हर सुविधा का ख्याल रखा जाएगा।
आयुक्त रवि ने कहा कि पर्व के अवसर पर उत्कृष्ट विधि-व्यवस्था संधारण, सुचारू यातायात प्रबंधन तथा सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहेंगे। विदित हो कि इस वर्ष रामनवमी का त्योहार 30 मार्च, 2023 को मनाया जाएगा। आयुक्त रवि ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप प्रशासनिक दृष्टिकोण से हर तरह का प्रबंध किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ नियंत्रण के सभी उपायों को ध्यान में रखकर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जा रही है।
आयुक्त रवि ने कहा कि पुरूष एवं महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पंक्तियों में कतारबद्ध ढंग से दर्शन की व्यवस्था रहेगी। बैरिकेडिंग मजबूत रहेगा। मेडिकल कैम्प एवं अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। मे आई हेल्प यू काउण्टर भी क्रियाशील रहेगा। वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी से गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जाएगा। शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। वाटर एटीएम एवं वाटर टैंकर की व्यवस्था रहेगी। चलंत शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम द्वारा स्वच्छता एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था रहेगी। डेडिकेटेड टीम 24X7 सक्रिय रहेगा। आयुक्त रवि ने कहा कि प्रशासन द्वारा सभी तैयारी तीव्र गति से की जा रही है।