मुंगेर के पोलो मैदान में होगा स्वामी सत्यानन्द सरस्वती कल्याणोत्सव।
स्वामी सत्यानन्द सरस्वती के मुंगेर पदार्पण के महोत्सव पर मुंगेर में श्रीनिवास कल्याणोत्सवम्।

कुणाल भगत
मुंगेर- उत्तरवाहिनी माँ गंगा की प्रेरणा से श्री स्वामी सत्यानन्द जी 6 मई 1957 को पहली बार एक परिव्राजक संन्यासी के रूप में मुंगेर आए थे और उस समय श्री स्वामीजी को ज्ञात हुआ कि मुंगेर आधुनिक वैदिक योग आंदोलन का मुख्य केंद्र बनेगा। 1963 में श्री स्वामीजी ने मुंगेर में बिहार योग विद्यालय की स्थापना करके योग का बीजारोपण किया। श्री स्वामीजी के संकल्प के कारण ही 2005 में भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जी ने मुंगेर को योग नगरी घोषित किया था।
वर्ष 2026 में, उनहत्तर सालों बाद, पहली बार योग नगरी मुंगेर के योगानुरागी लोग मिलकर इस ऐतिहासिक अवसर को मनाएंगे। 6 मई 2026 को पादुका दर्शन परिसर में माँ गंगा के पावन तट पर मुंगेर पदार्पण दिवस का यह प्रथम कार्यक्रम बड़े धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इस शुभ अवसर पर भक्तगण भगवान श्री तिरुपति बालाजी की उत्सव मूर्ति का दर्शन कर सकेंगे।
भगवान तिरुपति बालाजी 6 मई 2026 को योग नगरी मुंगेर में उपस्थित होंगे, तथा तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम् से आए विद्वान आचार्य श्रीनिवास कल्याणोत्सवम् के समस्त कर्मकाण्ड, पूजा, भागवतसेवा और अन्य धार्मिक कृत्य सम्पन्न करेंगे।
नगरवासियों के लिए श्रीनिवास कल्याणोत्सवम् का सीधा प्रसारण प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक पोलो मैदान में किया जाएगा। साथ ही भगवान श्री तिरुपति बालाजी के प्रत्यक्ष दर्शन की व्यवस्था शाम को 4 से 6 बजे तक पोलो मैदान में की जाएगी।
कार्यक्रम की पूर्वसंध्या पर 5 मई को शाम 7 से 8 बजे तक पोलो मैदान में एक आकर्षक ड्रोन शो भी आयोजित किया जाएगा।
श्री स्वामी सत्यानन्द जी की कृपा से यह दिन बिहार और मुंगेर के लिए ऐतिहासिक बनेगा और एक परमपावन दिन के रूप में हमेशा याद रखा जाएगा – जब भगवान श्री तिरुपति बालाजी बिहार आए और मुंगेर को अपने दिव्य सानिध्य से धन्य किया।



