समृद्धि यात्रा में लखीसराय को बड़ी सौगात: 326 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास।

राजीव रंजन
लखीसराय- बिहार सरकार की समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लखीसराय जिले को 326 करोड़ रुपये की विकासात्मक योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 118 करोड़ रुपये की लागत से 117 योजनाओं का उद्घाटन तथा 208 करोड़ रुपये की लागत से 144 योजनाओं का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।




कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कजरा सोलर पावर प्लांट का निरीक्षण किया और इसके 3डी मॉडल एवं कंट्रोल रूम का अवलोकन किया। उन्होंने पावर जेनरेशन के हाईब्रिड एनर्जी मैनेजमेंट सिस्टम की जानकारी लेते हुए कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में यह परियोजना सराहनीय पहल है।
ज्ञात हो कि कजरा में प्रथम चरण के तहत 185 मेगावाट सौर ऊर्जा एवं 282 मेगावाट आवर बैट्री भंडारण परियोजना का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि द्वितीय चरण में 116 मेगावाट सौर ऊर्जा एवं 241 मेगावाट आवर बैट्री भंडारण परियोजना का कार्य प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री ने परिसर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने 4,840 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 123 करोड़ 80 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।
इसके साथ ही शिक्षा, खेल, कृषि, उद्योग, सहकारिता तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और बिहार के विकास में योगदान देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा सहित कई मंत्री एवं वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से लखीसराय जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।



