Breaking Newsमुंगेर

मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा: मुंगेर को 119 करोड़ की सौगात, 78 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

राजीव रंजन

मुंगेर- राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के तहत आज मुंगेर जिले को बड़ी विकासात्मक सौगात दी। उन्होंने 119 करोड़ रुपये की लागत से कुल 78 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 87 करोड़ रुपये की 52 योजनाओं का उद्घाटन तथा 32 करोड़ रुपये की 26 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित जिला उद्योग केंद्र भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया और वहां उपलब्ध जनसुनवाई कक्ष, आगंतुक कक्ष एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लाभार्थियों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन करते हुए उन्हें 60 लाख रुपये की सहायता भी प्रदान की गई।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने कष्टहरणी घाट का निरीक्षण किया, जहां हाल ही में सौंदर्यीकरण कार्य कराया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाट के आसपास के क्षेत्रों का भी समुचित विकास किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह घाट धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां स्नान करने से कष्टों से मुक्ति मिलने की मान्यता है और इसका संबंध पौराणिक कथाओं तथा दानवीर कर्ण से भी जुड़ा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने भगत सिंह चौक के समीप पशु संसाधन विभाग के अंतर्गत जिला स्तरीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन भी किया। यहां उन्होंने प्रशिक्षण सुविधाओं का जायजा लिया और डेयरी व पशुपालन योजनाओं के तहत लाभार्थियों को 8.83 लाख रुपये का अनुदान वितरित किया। साथ ही, थी-व्हीलर सह आइस बॉक्स की चाभियां भी लाभुकों को सौंपी गईं।

इस दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। प्रमुख योजनाओं में सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, बाईपास निर्माण, जल प्रबंधन परियोजनाएं, औद्योगिक पार्क की स्थापना, महाविद्यालय निर्माण तथा पर्यटन स्थलों का विकास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और आम जनता को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। समृद्धि यात्रा के माध्यम से सरकार का लक्ष्य हर जिले में आधारभूत संरचना को मजबूत कर समग्र विकास सुनिश्चित करना है।

Related Articles