समृद्धि यात्रा: मुंगेर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गिनाईं उपलब्धियां, विकास की नई रूपरेखा पेश।

राजीव रंजन
मुंगेर, 19 मार्च 2026
समृद्धि यात्रा के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज मुंगेर जिले के साफियाबाद हवाई अड्डा परिसर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से बताया और आगामी वर्षों के लिए विकास की नई योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की।




मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2005 में सरकार बनने के बाद से बिहार में कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने पूर्व की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय राज्य में भय और असुरक्षा का माहौल था, लेकिन अब बिहार में शांति, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव स्थापित हुआ है।
•शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार
मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में सुधारों को रेखांकित करते हुए बताया कि बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की गई है और सरकारी विद्यालयों में सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। अब राज्य में सरकारी शिक्षकों की संख्या 5 लाख से अधिक हो गई है, जिससे शिक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में बहुत कम मरीज आते थे, लेकिन अब हर महीने हजारों लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सा महाविद्यालयों की संख्या बढ़ाई गई है और आगे और संस्थान स्थापित किए जाएंगे।
•आधारभूत संरचना और कृषि में प्रगति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सड़कों, पुलों और अन्य आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हुआ है, जिससे अब दूर-दराज क्षेत्रों से पटना पहुंचना आसान हो गया है। कृषि योजना के माध्यम से खेती, पशुपालन और मछली उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे किसानों की आय बढ़ी है।
•रोजगार और युवाओं के लिए पहल
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा अब तक लाखों युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सात निश्चय योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने सात निश्चय और सात निश्चय-2 योजनाओं के तहत किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि हर घर बिजली, नल का जल, शौचालय और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। आने वाले समय में सात निश्चय-3 के माध्यम से और व्यापक विकास किया जाएगा।
•महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास
उन्होंने कहा कि पंचायत और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, पुलिस और सरकारी नौकरियों में आरक्षण जैसी पहलों से महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं।
मुंगेर के लिए विशेष घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने मुंगेर जिले के विकास पर विशेष जोर देते हुए बताया कि यहां सड़क, पुल, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र का विकास, नए महाविद्यालयों की स्थापना, अस्पतालों का उन्नयन और पर्यटन स्थलों का विकास भी इसमें शामिल है।
•केंद्र का सहयोग
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया और कहा कि बिहार को विभिन्न योजनाओं के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे विकास कार्यों में तेजी आई है।
कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह , उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।



