
राजीव रंजन
संग्रामपुर:-मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क उन्नयन योजना के अंतर्गत मंगलवार को स्थानीय विधायक राजीव कुमार सिंह ने मनिया मोड़ से थेवाई तक बनने वाली सड़क का भव्य शिलान्यास किया। लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क की लंबाई लगभग 1.75 किलोमीटर है, जिसे जून 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा संचालित इस परियोजना से स्थानीय लोगों में उत्साह और संतोष का माहौल है।
शिलान्यास समारोह में फीता काटते हुए विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का सपना है कि हर गांव और हर घर तक पक्की सड़क की सुविधा हो। थेवाई गांव की यह सड़क पिछले 15 वर्षों से जर्जर स्थिति में थी, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाई होती थी। वर्षों से लंबित इस मांग को पूरा करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से विशेष पहल की, जिसके फलस्वरूप यह महत्वपूर्ण परियोजना आज धरातल पर उतरी है।विधायक ने अपने संबोधन में कहा, “मेरे तीन वर्षों के कार्यकाल में मैंने विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। यह सड़क भी उसी दिशा में एक और मजबूत कदम है, जो क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करेगी।”


इस अवसर पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष कमलनयन सिंह, सरपंच प्रतिनिधि अभिराम चौधरी, राम खेलावन शर्मा सहित कई प्रमुख ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण के प्रति अपनी खुशी जाहिर करते हुए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर बताया।इस आयोजन ने न केवल विकास कार्यों की गति को दर्शाया, बल्कि जनता और शासन के बीच विश्वास और सहभागिता को भी सुदृढ़ किया।



