Breaking Newsमुंगेर

संग्रामपुर में बजा विकास का बिगुल: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 2.5 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास।

राजीव रंजन

मुंगेर/- मुंगेर जिले के नगर पंचायत संग्रामपुर में रविवार को बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी के दौरे के साथ ही विकास की एक नई इबारत लिखी गई। उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री के आगमन पर प्रखंड क्षेत्र सहित नगर पंचायत,संग्रामपुर के कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने नगर पंचायत, संग्रामपुर क्षेत्र में लगभग 2.5 करोड़ रुपये की लागत से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया, जिससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद जगी है।


प्रखंड मुख्यालय स्थित अंबेडकर भवन,संग्रामपुर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सम्राट अशोक भवन का निर्माण एक वर्ष के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा। यह भवन सरकारी, राजनीतिक एवं सामाजिक आयोजनों के साथ-साथ विवाह समारोहों के लिए भी उपयोग में लाया जाएगा, जिससे नगर पंचायत को स्थायी आय का स्रोत प्राप्त होगा और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा।

उन्होंने कहा कि संग्रामपुर में आधुनिक सब्जी बाजार का विकास किया जाएगा। साथ ही हनुमाना डैम से संग्रामपुर नदी में जल प्रवाह सुनिश्चित करने की योजना पर तेजी से काम होगा, जिससे सिंचाई और पेयजल की समस्या का समाधान हो सकेगा। सड़क कनेक्टिविटी को लेकर उन्होंने सुल्तानगंज–देवघर फोरलेन, संग्रामपुर–गंगटा फोरलेन तथा संग्रामपुर बाइपास के निर्माण को प्राथमिकता से पूरा करने का भरोसा दिलाया।

उपमुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि संग्रामपुर को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा और इसके लिए किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। जनता द्वारा दिए गए रिकॉर्डतोड़ जनसमर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यही विश्वास उन्हें संग्रामपुर को विकास का मॉडल नगर बनाने की प्रेरणा देता है।

सुरक्षा और शांति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि खड़गपुर जंगल क्षेत्र से नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया हो चुका है और अब यह इलाका विकास और निवेश के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। पर्यटन की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि देवघरा पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। जंगलों को सुव्यवस्थित कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। जंगल क्षेत्र की जर्जर एक लेन सड़क को भी दुरुस्त किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना तथा कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठनात्मक मजबूती पर बल दिया। इसके पश्चात उन्होंने रामपुर में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और रामपुर के खैरा में एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में भाग लिया।
दौरे के समापन पर उपमुख्यमंत्री प्रभावती उच्च विद्यालय, संग्रामपुर के खेल मैदान स्थित हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा पटना के लिए रवाना हुए। उनके दौरे को संग्रामपुर के विकास की दिशा में ऐतिहासिक और निर्णायक कदम के रूप में देखा जा रहा है। इस अवसर पर मुंगेर के भाजपा विधायक प्रणय चौधरी,तारापुर के पूर्व जदयू विधायक राजीव कुमार सिंह,कमल नयन सिंह,भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश रौशन उर्फ बमबम,बिनोद कुमार सिंह,चंद्रशेखर कुमार सिंह उर्फ मंटू सहित सैकड़ों की संख्या में एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles