Breaking NewsEducationपश्चिमी चम्पारणबिहार

किसान की बेटी प्रिया जायसवाल बनीं बिहार इंटरमीडिएट साइंस टॉपर।

•पश्चिम चंपारण की बेटी ने 96.8% अंकों के साथ बिहार टॉपर में बनाई जगह।अखिल भारतीय जायसवाल (सर्ववर्गीय) महासभा के राष्ट्रीय युवा कार्यकारी अध्यक्ष कुणाल कुमार ने दी बधाई।

राजीव रंजन

पश्चिम चंपारण/- बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 में पश्चिम चंपारण जिले की प्रिया जायसवाल ने साइंस स्ट्रीम में टॉप कर पूरे राज्य का नाम रोशन कर दिया है। साधारण किसान परिवार से आने वाली प्रिया ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल की है। वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के धुमवाटांड़ गांव की निवासी प्रिया जायसवाल ने बिहार बोर्ड की इंटर परीक्षा में कुल 484 अंक (96.8%) प्राप्त किए हैं। वह पश्चिम चंपारण जिले के बगहा स्थित राज्य संपोषित एसएस प्लस टू स्कूल हरनाटांड की छात्रा हैं। प्रिया के पिता संतोष जायसवाल किसान हैं, जबकि माता रीमा जायसवाल गृहिणी हैं। तीन बहन और दो भाइयों के परिवार में प्रिया तीसरे स्थान पर हैं। प्रिया ने अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा, “मेरा सपना था कि मैं बिहार टॉप 10 में अपनी जगह बनाऊं। इस लक्ष्य को पाने के लिए मैंने लगातार मेहनत की और शिक्षकों का पूरा सहयोग मिला।”यह पहला मौका नहीं है जब प्रिया ने जिले का नाम रोशन किया है। साल 2023 की मैट्रिक परीक्षा में भी उन्होंने पूरे जिले में टॉप किया था और बिहार में आठवां स्थान प्राप्त किया था। तब उन्होंने 478 अंक हासिल किए थे। प्रिया की इस शानदार सफलता पर पूरे बिहार में खुशी की लहर है। परिजनों, शिक्षकों और समाज के लोगों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं। अखिल भारतीय जायसवाल (सर्ववर्गीय) महासभा के राष्ट्रीय युवा कार्यकारी अध्यक्ष कुणाल कुमार ने भी प्रिया को बधाई देते हुए कहा, “यह सिर्फ प्रिया की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जीत है। उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।”प्रिया जायसवाल की यह उपलब्धि साबित करती है कि अगर सच्ची लगन और मेहनत हो, तो किसी भी परिस्थिति में सफलता हासिल की जा सकती है।

Related Articles