Breaking NewsElectionदिल्ली

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: भाजपा की प्रचंड जीत।

राजीव रंजन

नई दिल्ली- दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के परिणामों ने राजनीतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत दिया है। लगभग तीन दशकों के बाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली की सत्ता में वापसी की है। इस चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटों पर विजय प्राप्त की, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) को 22 सीटों से संतोष करना पड़ा।
चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने 45.56% वोट शेयर हासिल किया, जो पिछले चुनावों की तुलना में 7.05% की वृद्धि दर्शाता है। वहीं, आप का वोट शेयर 43.57% रहा, जिसमें 10% की गिरावट दर्ज की गई। कांग्रेस पार्टी इस बार भी अपना खाता खोलने में असफल रही, हालांकि उसका वोट शेयर पिछले चुनावों की तुलना में थोड़ा बढ़ा।

प्रमुख उम्मीदवारों की हार-जीत-

इस चुनाव में कई प्रमुख नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। आप के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी नई दिल्ली सीट से चुनाव हार गए, भाजपा के प्रवेश वर्मा ने आप के अरविंद केजरीवाल को 4,089 वोटों के अंतर से हराया। उनके साथ ही पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव हार गए। मनीष सिसोदिया की पुरानी सीट पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी ने अवध ओझा को टिकट दिया था लेकिन वहां भाजपा के रविंद्र सिंह नेगी ने उन्हें 28,000 से भी अधिक वोटो से पराजित किया। आम आदमी पार्टी के कुछ प्रबल नेता जैसे सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन भी अपनी सीट बचाने में नामुमकिन रहे। इन हारों ने आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ा झटका साबित किया।

वहीं चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को प्रमुख मुद्दा बनाया। पार्टी ने दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी बनाने का वादा किया और विभिन्न सामाजिक योजनाओं की घोषणा की, जिसमें गरीब महिलाओं को मासिक भत्ता, गर्भवती महिलाओं के लिए एकमुश्त सहायता राशि, रियायती रसोई गैस, वृद्धों के लिए पेंशन और युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वित्तीय सहायता शामिल थी।

वहीं, आप ने अपने पिछले कार्यकाल में किए गए कार्यों, जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में सुधार को प्रमुखता दी। हालांकि, पार्टी के प्रमुख नेताओं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप और अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी ने चुनावी माहौल को प्रभावित किया। केजरीवाल ने इन आरोपों को राजनीतिक साजिश करार दिया, लेकिन इसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई दिया।

चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “विकास और सुशासन की जीत हुई है। मैं दिल्ली के अपने प्यारे भाइयों और बहनों को इस प्रचंड जनादेश के लिए नमन करता हूं। हम इन आशीर्वादों को पाकर विनम्र और सम्मानित महसूस कर रहे हैं।”
वहीं, अरविंद केजरीवाल ने अपनी हार स्वीकार करते हुए भाजपा को बधाई दी और उम्मीद जताई कि नई सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी। उन्होंने कहा, “हम जनता के फैसले को विनम्रता से स्वीकार करते हैं। भाजपा को उनकी जीत पर बधाई देता हूं और आशा करता हूं कि वे जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।”

Related Articles