अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा की राजनैतिक चेतना रैली का आह्वान।

राजीव रंजन
दिल्ली/- अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकिशोर पापा मोदी ने समाज की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी को सुदृढ़ करने हेतु ‘चलो दिल्ली, चलो दिल्ली’ का नारा दिया। उनकी दिल्ली यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम संपन्न हुए, जिनमें राष्ट्रीय स्तर पर नव नियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी प्रमुख रहा।शपथ ग्रहण समारोह में समाज के हितों पर हुआ विचार-विमर्श
दिल्ली-एनसीआर में आयोजित इस भव्य समारोह का आयोजन स्वामी विवेकानंद अस्पताल एवं योग संस्थान के प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं नव नियुक्त राष्ट्रीय महासचिव शैलेन्द्र जायसवाल एडवोकेट ने समाज की सामाजिक एवं राजनैतिक स्थिति पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने दिल्ली की भौगोलिक, जनसंख्यात्मक एवं सामाजिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व को सम्मानित किया। साथ ही, उन्होंने भाजपा की वैश्य नेत्री एवं दिल्ली की नवनियुक्त मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता को शुभकामनाएं भी दीं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकिशोर पापा मोदी, पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी एवं इंदौर के अशोक जायसवाल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए शपथ ग्रहण कराया और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगामी राजनैतिक चेतना रैली की रूपरेखा प्रस्तुत की और इसे सफल बनाने के लिए चार स्तरीय इकाइयों (राष्ट्रीय, प्रादेशिक, क्षेत्रीय और जिला स्तर) के गठन की घोषणा की। उन्होंने इस आंदोलन के माध्यम से लाखों लोगों को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकिशोर पापा मोदी ने बताया कि इस चेतना रैली का मुख्य उद्देश्य समाज की राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित करना है। इसके लिए विभिन्न राजनीतिक दलों और सरकारों पर जायसवाल समाज की समस्याओं के समाधान हेतु दबाव बनाया जाएगा और कलचुरी समाज की राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय संरक्षक अशोक जायसवाल तथा राजस्थान के पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी ने समाज के संगठन को सुदृढ़ करने के लिए दिल्ली में संगठनों को एकजुट करने और समन्वय टीम के गठन पर बल दिया। उन्होंने दिल्ली में समाज के लिए एक छात्रावास और अतिथि गृह निर्माण की आवश्यकता भी व्यक्त की।
केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीपाद यशो नाईक से महत्वपूर्ण चर्चा
राष्ट्रीय नेतृत्व ने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीपाद यशो नाईक से मुलाकात की और समाज के उत्थान से जुड़े विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने इस अभियान के लिए बैठक स्थल उपलब्ध कराने की सहमति दी और समाज को एकजुट होकर कार्य करने की प्रेरणा दी। वहीं इस अवसर पर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष त्रिलोकी नाथ जायसवाल, पूर्व मेयर विजय कुमार भगत, अजय कुमार जायसवाल, श्रीमती मीनाक्षी जायसवाल, श्रीमती सुषमा जायसवाल, सच्चिदानंद जायसवाल, शिवजी जायसवाल, बृजेश गुप्ता, भीम जायसवाल, जयप्रकाश जायसवाल, राकेश रंजन जायसवाल, कुणाल भगत, अमित भगत, सुरेंद्र आर्य, प्रहलाद जायसवाल, अनूप शिवहरे (झांसी), उत्तर प्रदेश गोरक्ष प्रांत के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी भाजपा नेता अरविंद जायसवाल सहित सैकड़ों समाजसेवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर दिल्ली के चेयरमैन अजय जायसवाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
वहीं इस कार्यक्रम में “जुड़ेगा समाज – बढ़ेगा समाज – शक्तिशाली होगा देश। जायसवाल शक्ति – वैश्य शक्ति है, राष्ट्र शक्ति है” आदि नारे लगाए गए।



