बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का निधन, सिनेमा जगत में शोक की लहर ।

राजीव रंजन
मुंबई:- बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और फिल्म निर्माता मनोज कुमार का 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार सुबह 3:30 बजे मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। मनोज कुमार, जिन्हें ‘भारत कुमार’ के नाम से भी जाना जाता था, अपनी देशभक्ति पर आधारित फिल्मों के लिए प्रसिद्ध थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक:-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनोज कुमार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “महान अभिनेता और फिल्म निर्माता श्री मनोज कुमार जी के निधन से बहुत दुख हुआ। वह भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे, जिन्हें विशेष रूप से उनकी देशभक्ति की भावना के लिए याद किया जाता था। उनके कार्यों ने राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रज्वलित किया और यह पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।”
लंबे समय से थे अस्वस्थ:-
मनोज कुमार के बेटे कुणाल गोस्वामी ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से बीमार थे और कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने कहा, “दुर्भाग्यवश मेरे पिता मनोज कुमार जी का देहांत हो गया आज सुबह 3:30 बजे।”

मनोज कुमार की यादगार फिल्में:-
अपने करियर में मनोज कुमार ने कई सुपरहिट फिल्में दीं, जिनमें ‘उपकार’, ‘पूरब और पश्चिम’, ‘क्रांति’, और ‘रोटी कपड़ा और मकान’ प्रमुख हैं। उन्होंने भारतीय सिनेमा में देशभक्ति को नए स्तर पर पहुंचाया और अपने किरदारों से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई।
अंतिम संस्कार होगा कल :-
मनोज कुमार का अंतिम संस्कार शनिवार, 5 अप्रैल को मुंबई में किया जाएगा। उनके निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है और उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।



