Breaking Newsमुंगेर

संत मैरी स्कूल संग्रामपुर की पांच छात्राओं को नायिका पुरस्कार 2025 से सम्मानित।

खेल और शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिहार सरकार ने किया सम्मानित।

राजीव रंजन

संग्रामपुर(मुंगेर)/- संत मैरी इंग्लिश स्कूल, संग्रामपुर की पांच होनहार छात्राओं ने अपनी कड़ी मेहनत और शानदार खेल प्रतिभा के दम पर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। इन छात्राओं को महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार सरकार द्वारा नायिका पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के शुभ अवसर पर प्रदान किया गया, जिससे स्कूल और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल बना हुआ है।
विद्यालय के डायरेक्टर रोजमिन के वर्गीज और प्रिंसिपल जीन्स के एलोसियस ने इस बड़ी उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ खेलों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। कुशल प्रशिक्षकों और राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राएं लगातार अपने खेल कौशल को निखार रहे हैं और विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर जिले और राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।

खेलों में शानदार प्रदर्शन, जिले का नाम किया रोशन:-

संत मैरी इंग्लिश स्कूल के विद्यार्थियों ने खेलों में असाधारण प्रदर्शन करते हुए विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल की है। इनमें खो-खो और थ्रोबॉल जैसे खेलों में उनकी भागीदारी और जीत ने सभी को गर्व से भर दिया है।

• अस्मिता खेलो इंडिया वूमेंस खो-खो नेशनल चैंपियनशिप 2025 में स्कूल की पांच छात्राओं ने बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व किया और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर जिला का नाम ऊँचा किया।
• भोपाल में आयोजित सीनियर नेशनल थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2025 में स्कूल के पांच लड़कों और छह लड़कियों का चयन बिहार टीम में हुआ, जो एक बड़ी उपलब्धि है।
• अलीगढ़, उत्तर प्रदेश में आयोजित जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप 2024 में स्कूल की तीन छात्राओं और एक छात्र ने बिहार टीम का प्रतिनिधित्व किया, जिससे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि संत मैरी इंग्लिश स्कूल ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। छात्रों की प्रतिभा को निखारने के लिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ खिलाड़ियों द्वारा प्रशिक्षित किया जाता है।

वहीं विद्यालय की जिन पांच प्रतिभाशाली छात्राओं को नायिका पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया,जिनमें – 1. सोनम कुमारी 2. इशानवी अनघ 3. रिया कुमारी 4. रिया रानी और 5. गरिमा विश्वकर्मा शामिल हैं। इन छात्राओं ने अपनी मेहनत, संघर्ष और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के दम पर यह पुरस्कार प्राप्त किया। नायिका पुरस्कार से सम्मानित होकर छात्राओं ने अपनी खुशी जाहिर की और कहा कि इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि अन्य ग्रामीण छात्राओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

विद्यालय और प्रशासन ने दी बधाई:-

इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण हस्तियों ने भी छात्राओं को बधाई दी। जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन के सहयोग की भी सराहना की गई, जिसने इन खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फाउंडेशन के फाउंडर एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी, मुख्यमंत्री अवॉर्डी हरिमोहन सिंह, जिला के डीडीसी महोदय और डीपीओ सर ने इन प्रतिभाशाली छात्राओं को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक अभिषेक कुमार ने कहा कि बच्चों को कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में और भी ऊँचाइयाँ छू सकें। उन्होंने यह भी बताया कि संत मैरी इंग्लिश स्कूल, संग्रामपुर आगे भी प्रतिभाशाली बेटियों को खेल और शिक्षा में आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।

गाँव की बेटियों को मिलेगा नया आत्मविश्वास:-

इस पुरस्कार से स्कूल और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। स्कूल प्रशासन ने बताया कि इस उपलब्धि से ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को आगे बढ़ने का नया आत्मविश्वास मिलेगा। अब गाँवों से आने वाली अन्य छात्राओं का भी मनोबल बढ़ेगा और वे भी खेलों और शिक्षा में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित होंगी।

विद्यालय की डायरेक्टर ने कहा—

“हमारी स्कूल टीम हमेशा प्रतिभाशाली बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर रहेगी और उनकी सफलता के लिए हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। यह पुरस्कार न केवल इन पाँच छात्राओं के लिए, बल्कि पूरे जिले और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के लिए एक नई प्रेरणा का स्रोत है। इससे निश्चित रूप से खेलों में अधिक छात्राएँ आगे आएँगी और अपनी प्रतिभा को निखारकर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगी।”

Related Articles