मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रोहतास में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की।

राजीव रंजन
सासाराम/-बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान रोहतास जिले में चल रहे विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा के लिए सासाराम स्थित समाहरणालय सभागार में एक बैठक की। इस बैठक में जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और अद्यतन स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी दी।



बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, कुशल युवा कार्यक्रम, हर घर नल का जल, पक्की गली-नाली, मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, कृषि फीडर का निर्माण, मुख्यमंत्री कृषि विद्युत कनेक्शन योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना सहित अन्य विकास योजनाओं पर प्रगति की जानकारी दी। साथ ही, उच्चतर शिक्षा हेतु महिलाओं को प्रोत्साहन, टेलीमेडिसीन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं, पशु चिकित्सा सेवाओं की डोर स्टेप डिलीवरी, तथा पंचायत सरकार भवनों के निर्माण की स्थिति पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए रोहतास जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रशंसा की और जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह को उनकी सूक्ष्म रिपोर्टिंग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि रोहतास में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन को गति देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई मांगों पर भी अमल करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने रोहतास जिले के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी कीं, जिनमें शामिल हैं:
रोहतासगढ़ किला से चौरासन मंदिर तक पथ निर्माण: इससे देशी और विदेशी पर्यटकों को सुविधा होगी और स्थानीय लोगों के आर्थिक विकास में तेजी आएगी। संझौली प्रखंड के वाजिदपुर में कॉव नदी पर पुल निर्माण: इससे कई गांवों के लोगों को लाभ होगा और उनके आवागमन में आसानी होगी।
कुदरा-चेनारी-मल्हीपुर पथ का चौड़ीकरण: ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी।इन्द्रपुरी जलाशय के पास पर्यटन हाट का निर्माण: इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। डेहरी में औद्योगिक क्षेत्र का विकास: इससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार 2005 से बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लोगों तक पहुँचाने के लिए उन्होंने कई योजनाएँ चलाई हैं। उन्होंने बताया कि “सात निश्चय” योजना के तहत हर घर तक नल का जल, हर घर में शौचालय, पक्की गली-नाली और सोलर स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएँ दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह (जीविका) के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान, स्थानीय सांसद और विधायकगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उनकी सरकार ने बिहार के हर जिले में विकास कार्यों को गति दी है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने सभी विभागों को योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री की इस प्रगति यात्रा ने रोहतास जिले में विकास कार्यों को नई दिशा और गति देने का विश्वास जगाया है।



