कोलकाता में अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा का भव्य सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह संपन्न।

कुणाल भगत
कोलकाता। अखिल भारतीय जायसवाल सर्ववर्गीय महासभा की तृतीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक, राष्ट्रीय उच्चाधिकार प्रबंध कार्यकारिणी की बैठक तथा पश्चिम बंगाल इकाई के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं स्वजातीय मिलन समारोह कोलकाता स्थित वरमाला बैंक्वेट के वातानुकूलित सभागार में भव्य एवं दिव्य वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न राज्यों से लगभग 200 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकिशोर पापा मोदी द्वारा समाज के ध्वजारोहण से हुआ। इसके पश्चात भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया।
राष्ट्रीय महासचिव एवं राष्ट्रीय युवा प्रभारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकिशोर पापा मोदी, राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट शैलेन्द्र जायसवाल, राष्ट्रीय संरक्षक अशोक कुमार जायसवाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ जायसवाल, वरिष्ठ कार्यकारी अध्यक्ष अजय कुमार जायसवाल तथा राष्ट्रीय संयोजक एवं उत्तर प्रदेश-महाराष्ट्र प्रभारी अटल कुमार गुप्ता सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकिशोर पापा मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर समाज के सभी संगठनों के प्रमुखों की एक सशक्त समन्वय समिति का गठन किया जाएगा, जिससे समाज को एकजुट कर उसकी भागीदारी को और मजबूत बनाया जा सके।
राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट शैलेन्द्र जायसवाल ने कहा कि महासभा राजनीतिक क्षेत्रों में समाज की प्रभावी हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए सार्थक एवं योजनाबद्ध प्रयास करेगी।
राष्ट्रीय संरक्षक अशोक कुमार जायसवाल ने आपातकालीन एवं आकस्मिक परिस्थितियों में समाज के लोगों की सहायता के लिए राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सहायता समिति गठित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
वरिष्ठ कार्यकारी अध्यक्ष अजय कुमार जायसवाल ने आगामी राष्ट्रीय जनगणना में समाज के लोगों से जाति कॉलम में केवल “कलवार”, “कलाल” अथवा “कलार” लिखने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय संयोजक अटल कुमार गुप्ता ने सभी जिला प्रभारियों से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की अपील की।
सम्मेलन के दौरान तीन नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्षों की घोषणा की गई, जिनमें मुगलसराय से विधायक रमेश कुमार जायसवाल, झांसी से सुरेन्द्र राय तथा अलवर से जय सिंह चौहान मेवाड़ा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की आगामी बैठक महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित करने का प्रस्ताव सदन में सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसकी जिम्मेदारी राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र मेवाड़ा के नेतृत्व में तय की गई।
सभा का संचालन राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट शैलेन्द्र जायसवाल ने किया। उन्होंने पिछली बैठक की कार्यवाही रिपोर्ट सदन के समक्ष प्रस्तुत की, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। वहीं, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ जायसवाल ने संगठन का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय संयोजिका मीनाक्षी जायसवाल, राष्ट्रीय महासचिव महिला माया सुवालका, अनीता नीतू जायसवाल सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी भी उपस्थित रहीं।
पश्चिम बंगाल इकाई के प्रदेश अध्यक्ष राज नारायण जायसवाल एवं प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र जायसवाल को सफल आयोजन के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकिशोर पापा मोदी द्वारा स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समाज के पत्रकार पवन जायसवाल एवं संतोष जायसवाल को भी सम्मानित किया गया। साथ ही पश्चिम बंगाल जायसवाल महासभा द्वारा देशभर से आए सभी प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में विधायक रमेश कुमार जायसवाल ने समाज को जागरूक, संगठित एवं रचनात्मक कार्यों में आगे आने का आह्वान करते हुए कुलदेवता राजराजेश्वर सहस्त्रअर्जुन महाराज की जयंती पर समाज चेतना रैली आयोजित करने तथा मंदिर निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।
सम्मेलन में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि देशभर में कलाल, कलार और कलवार समाज की बड़ी जनसंख्या है। यदि समाज एकजुट होकर कार्य करे तो राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में अपनी प्रभावी भूमिका सुनिश्चित कर सकता है।



