पार्वती देवी सब जूनियर बिहार स्टेट बालक एवं बालिका खो-खो चैंपियनशिप 2025-26” का भव्य आयोजन, भोजपुर (बालक) और मुंगेर (बालिका) बने विजेता।

राजीव रंजन
संग्रामपुर, मुंगेर- भारतीय पारंपरिक खेल खो-खो को गांव स्तर से सशक्त करने, ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने तथा उन्हें राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित “पार्वती देवी सब जूनियर बिहार स्टेट बालक एवं बालिका खो-खो चैंपियनशिप 2025-26” का दो दिवसीय ऐतिहासिक आयोजन संत मैरी इंग्लिश स्कूल, संग्रामपुर (मुंगेर) परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता बिहार के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री श्री सम्राट चौधरी की पूज्य माताजी स्वर्गीय पार्वती देवी की स्मृति को समर्पित रही। आयोजन ने न केवल खेल प्रतिस्पर्धा, बल्कि खेल संस्कृति के पुनर्जागरण का भी सशक्त संदेश दिया।
इस चैंपियनशिप का आयोजन खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार एवं मुंगेर जिला खो-खो संघ के संयुक्त तत्वावधान में, जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन तथा आर्ट कल्चरल एंड यूथ स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से किया गया।



•प्रथम दिवस: उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का भव्य शुभारंभ।
प्रतियोगिता के पहले दिन उद्घाटन समारोह अत्यंत गरिमामय रहा। बिहार के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने जोश, ऊर्जा और अनुशासन के साथ सर्वप्रथम संग्रामपुर भ्रमण किया फिर मैदान में उतरकर खेल की शानदार शुरुआत की। उद्घाटन क्षण से ही यह स्पष्ट हो गया कि यह आयोजन राज्य स्तरीय खेल संरचना के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा।
बिहार के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आयोजन के सफल संचालन हेतु शुभकामनाएँ देते हुए खेल व खिलाड़ियों को सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने आयोजक हरिमोहन सिंह (अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, सचिव — मुंगेर जिला खो-खो संघ, फाउंडर — जनकल्याण शिव शक्ति हरिमोहन फाउंडेशन) को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष शकुनी चौधरी
एमएलसी लालमोहन गुप्ता, जमालपुर नगर परिषद डिप्टी मेयर अंजली कुमारी, खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव नीरज कुमार पप्पू, सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्रिंसिपल जिंस के. एलोसियस, डायरेक्टर रोषमिन वर्गीज, हरिमोहन सिंह, पेट्रोन बलराम यादव, राष्ट्रीय खो-खो खिलाड़ी रिया रानी तथा नेशनल थ्रो बॉल खिलाड़ी एलेक्सिन द्वारा बुके, शॉल एवं मोमेंटो देकर किया गया। मंच संचालन हरिमोहन सिंह एवं प्रिंसिपल एलोसियस द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।



•द्वितीय दिवस: रोमांचक सेमीफाइनल-फाइनल और विजेताओं का सम्मान।
दूसरे दिन प्रतियोगिता अपने चरम पर पहुँची। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों की गति, रणनीति, टीम वर्क और फिटनेस ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। हर मैच में जीत के लिए संघर्ष ने खेल भावना को चरम पर पहुँचाया।
दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में शकुनी चौधरी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, तारापुर के डायरेक्टर धर्मेंद्र चौधरी, महासचिव खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार नीरज कुमार पप्पू, प्रखंड विकास पदाधिकारी संग्रामपुर अनीश रंजन, पाठ भवन के प्रिंसिपल पल्लव कुमार, संत मैरी इंग्लिश स्कूल खेसर के प्रिंसिपल जोशी एम.वी., संग्रामपुर नगर पंचायत मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नंद किशोर यादव। अब्दुल कलाम स्कूल के डायरेक्टर अमित चंद्रा, क्रिकेट कोच अमिताभ
सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
•अंतिम परिणाम।
बालक वर्ग
विजेता: भोजपुर
उपविजेता: बांका
तृतीय स्थान: मुंगेर एवं पश्चिम चंपारण
बालिका वर्ग
विजेता: मुंगेर
उपविजेता: समस्तीपुर
तृतीय स्थान: भोजपुर एवं जमुई
व्यक्तिगत उत्कृष्टता पुरस्कार।
बेस्ट रेडर (बालिका) – कोमल कुमारी, समस्तीपुर
बेस्ट रेडर (बालक) – राहुल कुमार
बेस्ट डिफ़ेंडर ( बालिका) – मुश्कान कुमारी, मुंगेर
बेस्ट डिफ़ेंडरत (बालक) – अंशु राज, बांका
•राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन।
इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आधार पर चयनित खिलाड़ी 31 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक हरियाणा में आयोजित 35वीं सब जूनियर नेशनल खो-खो चैंपियनशिप में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
•आयोजन का व्यापक संदेश।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन गांवों की प्रतिभाओं को निखारने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। यह चैंपियनशिप बिहार में खो-खो के सुनहरे भविष्य की दिशा में मजबूत कदम सिद्ध हुई। संग्रामपुर की धरती पर आयोजित यह प्रतियोगिता खेल, अनुशासन, परंपरा और युवा ऊर्जा का अद्भुत संगम बनकर उभरी। इस आयोजन ने सिद्ध कर दिया कि बिहार की धरती प्रतिभा से भरपूर है — बस मंच देने की जरूरत है।



